राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 की पहली सोमवारी पर बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन द्वारा स्थापित टेंट सिटी में विश्राम किया। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक ठहराव उपलब्ध कराने के लिए टेंट सिटी में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
टेंट सिटी में हवादार टेंट, पर्याप्त रोशनी, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है, जबकि प्रतिनियुक्त कर्मी चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तैनात हैं, ताकि किसी भी जरूरत पर तुरंत मदद उपलब्ध कराई जा सके।
पहली सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने टेंट सिटी की सुविधाओं का लाभ उठाया। यहां ठहरे श्रद्धालुओं ने स्वच्छ वातावरण, सुव्यवस्थित आवासीय व्यवस्था और प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की। उनका कहना था कि इन व्यवस्थाओं से यात्रा अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनी है।
जिला प्रशासन ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवासीय सुविधाओं का विस्तार किया गया है। उद्देश्य यह है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सम्मानजनक ठहराव मिले, जिससे वह बिना किसी परेशानी के बाबा बासुकीनाथ के दर्शन और जलार्पण कर अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सके।









