राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 की पहली सोमवारी पर बाबा बासुकीनाथ धाम स्थित शिवगंगा सरोवर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही। आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मोटर बोट और आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ लगातार निगरानी की गई।
एनडीआरएफ के प्रशिक्षित जवान शिवगंगा सरोवर में मोटर बोट से नियमित गश्त करते रहे और स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी। किसी भी संभावित दुर्घटना या आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल पूरी तरह तैयार रखा गया था, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने पूरे श्रावणी मेला अवधि के लिए शिवगंगा में एनडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति की है। पहली सोमवारी को श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण जल क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया। एनडीआरएफ की टीम पुलिस और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर लगातार सुरक्षा व्यवस्था संभालती रही।
प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शिवगंगा सरोवर में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु पूरी सुरक्षा और विश्वास के साथ स्नान कर बाबा बासुकीनाथ के दर्शन एवं जलार्पण का लाभ प्राप्त कर सकें।









