राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुरू की गई क्यूआर कोड आधारित शिकायत एवं सुझाव प्रणाली का उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने निरीक्षण किया। मेला क्षेत्र में लगाए गए क्यूआर कोड को स्वयं स्कैन कर उन्होंने इसकी कार्यप्रणाली की जांच की और अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों व सुझावों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला जैसे बड़े आयोजन में श्रद्धालुओं की सीधी भागीदारी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। क्यूआर कोड आधारित यह प्रणाली श्रद्धालुओं को बिना किसी जटिल प्रक्रिया के सीधे जिला प्रशासन तक अपनी शिकायत और सुझाव पहुंचाने का आसान माध्यम उपलब्ध करा रही है।
इस व्यवस्था के तहत श्रद्धालु अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन कर मेला से जुड़ी किसी भी समस्या, शिकायत या सुझाव को तत्काल दर्ज कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा प्राप्त सभी सूचनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि आवश्यकतानुसार तुरंत कार्रवाई कर व्यवस्थाओं में सुधार किया जा सके।
जिला प्रशासन का कहना है कि तकनीक आधारित इस पहल का उद्देश्य मेला प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाना है। इससे श्रद्धालुओं की भागीदारी भी बढ़ेगी और उन्हें सुरक्षित, सुगम तथा बेहतर धार्मिक अनुभव उपलब्ध कराया जा सकेगा।









