जामताड़ा जिला प्रशासन की पहल पर जिले के सरकारी उच्च विद्यालयों में जल्द ही ऑनलाइन डिजिटल क्लास की शुरुआत होगी। इस व्यवस्था के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम आधारित पढ़ाई के साथ-साथ नीट, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के बीच शिक्षा की गुणवत्ता के अंतर को कम करना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है।
जिला प्रशासन के अनुसार ऑनलाइन डिजिटल क्लास की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के शिक्षक जामताड़ा से ही ऑनलाइन माध्यम के जरिए एक ही समय पर जिले के सभी उच्च विद्यालयों के विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन मिल सकेगा।
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि जिले के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने बताया कि इस पहल से विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार आने की उम्मीद है। साथ ही वरिष्ठ अधिकारी इस परियोजना के प्रभाव और विद्यार्थियों की प्रगति का नियमित मूल्यांकन करेंगे। जिला प्रशासन ने अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से इस पहल में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें।








