15 माह से वेतन नहीं मिलने पर कंप्यूटर सहायकों और एमटीएस कर्मियों ने लगाई गुहार
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड कार्यालय में बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा को बाह्य स्रोत एजेंसी एम/एस रेडर सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, रांची के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर सहायकों एवं एमटीएस कर्मियों ने लंबे समय से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर ज्ञापन सौपा। कर्मियों का कहना है कि उन्हें अप्रैल 2025 से अब तक का वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
कर्मियों के अनुसार नियमित रूप से कार्य करने के बावजूद 15 माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति, बच्चों की शिक्षा, इलाज और अन्य घरेलू खर्चों का वहन करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने बताया कि वे लगातार संबंधित अधिकारियों और एजेंसी से वेतन भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
कर्मियों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी स्थिति को गंभीरता से देखते हुए लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। उनका कहना है कि समय पर वेतन मिलना प्रत्येक कर्मचारी का अधिकार है और इसमें हो रही देरी से उनके साथ-साथ उनके परिवार भी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।








