भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत गोड्डा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने सभी मतदाताओं से सूची में अपना नाम, पता, आयु, फोटो और अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने की अपील की है।
प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित प्रपत्र के माध्यम से दावा एवं आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। समय पर आवेदन करने से अंतिम मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने साथ-साथ परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम भी सूची में जांचने और आवश्यकता पड़ने पर संशोधन के लिए आवेदन करने की अपील की।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों को मतदाताओं को आवश्यक सहयोग देने तथा दावा एवं आपत्ति से जुड़े आवेदनों का नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।









