गुरुवार को कुंडहित प्रखंड मुख्यालय स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद घोष के नेतृत्व में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती मनायी गयी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को याद किया।
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद घोष ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेताओं में शामिल थे। उन्होंने देश में तकनीकी और संचार क्षेत्र के विकास को गति दी। उनके कार्यकाल में कंप्यूटर एवं दूरसंचार के क्षेत्र में हुए प्रयासों का लाभ आज देश को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का सपना आधुनिक, शिक्षित और तकनीकी रूप से सशक्त भारत का निर्माण करना था।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने तथा देश की सेवा के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी के विचार और देश के विकास के प्रति उनकी सोच आज भी प्रासंगिक है।
मौके पर प्रदेश महिला मोर्चा सचिव पूर्णिमा धर, सुमन घोष, टार्जन खां, शेख रमजान, शरीफ उद्दीन मियां, दिलीप मजूमदार, गफूर मियां, तालिब अंसारी, अभय सिंह, सरफुद्दीन सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।









