फतेहपुर प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रेम कुमार दास की अध्यक्षता में रोजगार सेवकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत स्तर पर संचालित मनरेगा के विभिन्न योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ अपटार जीओ एवं ई-केवाईसी से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान बीडीओ ने सभी रोजगार सेवकों से अपटार जीओ एवं ई-केवाईसी के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। समीक्षा के क्रम में कई रोजगार सेवकों के स्तर पर उक्त कार्य अभी तक पूर्ण नहीं होने की बात सामने आई। इस पर बीडीओ ने संबंधित रोजगार सेवकों को कार्य में तेजी लाते हुए लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं से संबंधित कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करना आवश्यक है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने रोजगार सेवकों को पंचायतों में योजनाओं के क्रियान्वयन पर लगातार निगरानी रखने तथा लाभुकों से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया को समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया।बीडीओ ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। बैठक में लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने तथा प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के रोजगार सेवक सहित संबंधित कर्मी मौजूद थे।









