विधानसभाध्यक्ष के पहल से झारखंड-बंगाल को जोड़ने वाली सड़क का रास्ता साफ
नाला विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क के अधूरे निर्माण कार्य की सभी बाधाएं दूर, जल्द शुरू होगा काम
निजाम खान
नाला। नाला विधानसभा क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल मोहनाबाक मोड़ से नाला PWD पथ के बचे हुए निर्माण कार्य का रास्ता अब साफ हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो के प्रयासों से अंतर्राज्यीय महत्व वाली इस सड़क परियोजना को पूरा करने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। विधानसभा अध्यक्ष के पीए राकेश साव के मुताबिक पूर्व में कुछ कागजी अड़चनों के कारण मुख्य मार्ग पर करीब पांच स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा रह गया था। इसके कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की पहल के बाद अधूरे निर्माण कार्य के लिए आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त कर ली गई है, वहीं निविदा (टेंडर) की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। अब जल्द ही संबंधित संवेदक द्वारा सड़क के बचे हुए हिस्सों में निर्माण कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद है।
सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच आवागमन सुगम होने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। स्थानीय लोगों में सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने को लेकर उत्साह है और उन्हें उम्मीद है कि लंबे समय से चली आ रही परेशानी जल्द समाप्त होगी।








