जामताड़ा, 22 अगस्त। उपायुक्त आलोक कुमार ने शनिवार को जिला कोषागार कार्यालय, जामताड़ा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रकार के विपत्रों के भुगतान की प्रक्रिया, वित्तीय अभिलेखों और पंजियों का अवलोकन किया। साथ ही कोषागार में स्वीकृत कार्यबल के विरुद्ध कार्यरत कर्मियों, उनके पदस्थापन की अवधि और सौंपे गए दायित्वों की भी जानकारी ली।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी वित्तीय लेन-देन नियमानुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ संपादित किए जाएं। प्रत्येक भुगतान एवं निकासी से संबंधित अभिलेखों और बैंक विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कोषागार पदाधिकारी को यह सत्यापित करने का निर्देश दिया कि निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी द्वारा प्रस्तुत विपत्र कोषागार संहिता, वित्त विभाग के निर्देशों और निर्धारित नियमों के अनुरूप हों। आवंटन के अनुसार ही राशि की निकासी सुनिश्चित करने तथा कर्मियों के वेतन एवं मानदेय भुगतान में विशेष सावधानी बरतने को कहा।
निरीक्षण के दौरान बुक ट्रांसफर, सब अलॉटमेंट, अनयूज्ड अलॉटमेंट, फ्रेश अलॉटमेंट और पीएल खाता सहित विभिन्न अभिलेखों की जानकारी ली गई। उन्होंने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर अप्रचलित स्टाम्प और पुराने अभिलेखों के समुचित प्रबंधन के लिए विभागीय मार्गदर्शन लेने का निर्देश दिया।
मौके पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।









