जामताड़ा, 24 अगस्त। जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को समाहरणालय सभागार में डिस्ट्रिक्ट लेवल कमिटी स्ट्रक्चर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15वें वित्त आयोग, पीएम-एबीएचआईएम एवं एनएचएम के अंतर्गत निर्माणाधीन स्वास्थ्य भवनों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिले में स्वीकृत नए स्वास्थ्य भवनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं स्वास्थ्य उपकेंद्र भवनों के निर्माण की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत निर्माण कार्यों की स्थिति, कार्य की प्रगति तथा संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की गई। कुछ योजनाओं में स्थल परिवर्तन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और भवन निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, नगर परिषद मिहिजाम के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुम्भकार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, डीपीएम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।









