जामताड़ा। जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा को लेकर मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने की। समीक्षा के दौरान सामने आया कि जनता दरबार में अब तक कुल 546 मामले प्राप्त हुए हैं, जिनमें 430 मामलों का निष्पादन हो चुका है। इस तरह 78.75 प्रतिशत मामलों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 116 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवेदनों के निस्तारण के साथ की गई कार्रवाई से संबंधित लोगों को अवगत कराया जाए, ताकि प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हो।
बैठक में सभी अंचल कार्यालयों को बेहतर ढंग से फंक्शनल कराने और आमजनों की समस्याओं का जमीनी स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने जनगणना 2027 और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करने और अपात्र नामों को शामिल होने से रोकने के लिए सावधानी बरतने को कहा।
इसके अलावा आदिवासी सेवा केंद्रों के जियोटैग फोटो अपलोड करने और स्वयंसेवकों का डेटा प्रविष्टि कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।









