SIR 2026: नाला और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में दावा-आपत्ति कार्यों की निगरानी के लिए वरीय पदाधिकारी नामित
जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम 2026 के तहत चल रही दावा-आपत्ति की सुनवाई प्रक्रिया की निगरानी के लिए विधानसभा क्षेत्रवार वरीय पदाधिकारी नामित किए गए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने 08 नाला विधानसभा क्षेत्र के लिए उप विकास आयुक्त तथा 09 जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए परियोजना निदेशक, आईटीडीए को वरीय पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है।
SIR कार्यक्रम के तहत दावा-आपत्ति के निष्पादन की अवधि 5 अगस्त से 14 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है। इस दौरान आयोग से अधिसूचित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा निर्धारित मतदान केंद्रों पर दावा-आपत्ति की सुनवाई की जा रही है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नामित वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुनवाई से जुड़े कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करें। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि दावा-आपत्ति की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शी एवं सुचारु तरीके से पूरी हो।
SIR प्रक्रिया की महत्ता को देखते हुए प्रशासन द्वारा विधानसभा क्षेत्रवार निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित कार्य समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।








