लैंगिक समानता और बाल विवाह रोकथाम को लेकर नुक्कड़ नाटक अभियान शुरू
जामताड़ा। लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम और किशोर-किशोरियों के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर से नुक्कड़ नाटक दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अभियान के तहत जिले के नारायणपुर, जामताड़ा, नाला और करमाटांड़ प्रखंड के चयनित विद्यालयों एवं गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के माध्यम से किशोर-किशोरियों में शिक्षा, समानता, सम्मानजनक व्यवहार और भेदभाव को खत्म करने के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। नुक्कड़ नाटक के जरिए बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा बच्चों के लिए सुरक्षित और समावेशी वातावरण के महत्व को रचनात्मक एवं संवादात्मक तरीके से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
इस मौके पर उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि किशोर-किशोरियों में समानता और सम्मान की भावना विकसित करना स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने अभियान को विद्यालयों और गांवों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का निर्देश दिया।
आईसीआरडब्ल्यू द्वारा संचालित कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक टीम विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और समुदाय के लोगों को जागरूक करेगी। इस दौरान टीम ने समाहरणालय परिसर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर अभियान का संदेश दिया।








