जामताड़ा में डीएलआरसी की बैठक, बैंकों को सीडी रेश्यो सुधारने का निर्देश
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में त्रैमासिक जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलआरसी) की बैठक उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केसीसी, सीडी रेश्यो, एनुअल क्रेडिट प्लान, पीएम जनधन योजना, सोशल सिक्योरिटी स्कीम, एसएचजी लिंकेज, मुद्रा लोन और पीएमएफएमई सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में बैंकों के ऋण-जमा अनुपात में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिंता जताई गई। उप विकास आयुक्त ने बैंकों को ऋण वितरण में तेजी लाने और किसानों को अधिक से अधिक केसीसी से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने एलडीएम, जिला कृषि पदाधिकारी और बैंक प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।
आरबीआई प्रतिनिधि ने बताया कि तीन लाख रुपये तक के केसीसी ऋण का समय पर भुगतान करने वाले किसानों को शून्य ब्याज दर का लाभ मिल सकता है। बैंकों को किसानों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिले के अनबैंक्ड क्षेत्रों को चिह्नित कर बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने तथा पीएमएफएमई आवेदनों की स्वीकृति में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। मौके पर एलडीएम, जिला कृषि पदाधिकारी, नाबार्ड, जेएसएलपीएस और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।








