जामताड़ा में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, पांच गिरफ्तार
जामताड़ा: जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध थाना की टीम ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचरियाडीह गांव स्थित क्रेशर के पीछे जोरिया के पास पलाश के झुरमुट में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मटटांड़ गांव में तालाब के समीप आम बागान से दो आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तसलीम अंसारी (20), मनाजीर अंसारी (21), अब्दुल लतीफ, उसमान गनी (25) और जितेंद्र मंडल (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी एप के जरिए लोगों को मैसेज भेजकर लिंक स्वीकार करवाते थे और इसके बाद खाते से रकम निकाल लेते थे। इसके अलावा एसबीआई समेत अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी होने का झांसा देकर एपीके फाइल डाउनलोड करवाते और गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करते थे।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 58/26 दर्ज कर बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ बताया गया है।








