बाल संरक्षण को लेकर जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित
जामताड़ा। जिले में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी और बच्चों के विभिन्न प्रकार के शोषण की रोकथाम को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि बाल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों, विशेषकर बेटियों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संवेदनशील होकर अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि आम नागरिक और समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
बैठक में बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम एवं बाल तस्करी के मामलों की पहचान, त्वरित कार्रवाई, बच्चों की सुरक्षा, समुदाय की भूमिका, विद्यालयों की जिम्मेदारी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
मौके पर सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, श्रम अधीक्षक देव कुमार मिश्रा, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अंजू पोद्दार, चेतना विकास की निदेशक रानी कुमारी, कृतिका सुमन सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।








