स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत कुंडहित में चला सफाई अभियान
जामताड़ा। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत रविवार को कुंडहित प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में लक्षित कचरा स्थलों की साफ-सफाई की गई। अभियान में मुखिया, जल सहिया, स्वच्छताग्रही एवं ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत कुंडहित, बाघाशोला, खजुरी, जितुहीर, आमदूबी, नोडिहा, हल्दीडीह, फराकुसुम सहित अन्य गांवों में सफाई अभियान चलाया गया। कुंडहित गांव में चिन्हित छह स्थानों तथा बाघाशोला में दो स्थानों की सफाई की गई। कुंडहित हटिया के पास बाजार, बस स्टैंड एवं प्रखंड परिसर में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में कुंडहित पंचायत की मुखिया विमला हांसदा, जल सहिया बेबी रानी नायक, पूर्णिमा सिंह, रेखा किस्कू, सरला मुर्मू, टुंपा पाल, पानमुनी मुर्मू, सैयदा बीबी, रत्ना रानी सिंह, माधवी बागती, शुक्ला भंडारी एवं परबी सोरेन सहित अन्य लोग शामिल हुए। प्रखंड वाश समन्वयक मो. रफिक हुसैन एवं स्वच्छताग्रही आशीष गोप ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना है।








