अल्ट्रासाउंड केंद्रों का होगा औचक निरीक्षण, पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के अनुपालन पर जोर
जामताड़ा में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नियमानुसार संचालन, औचक निरीक्षण और कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। माई मिशन डायग्नोस्टिक सेंटर, सुभाष चौक, जामताड़ा के नए पंजीकरण आवेदन तथा मेडीसेफ डायग्नोस्टिक सेंटर, नारायणपुर के स्थल परिवर्तन से संबंधित आवेदन पर चर्चा हुई। समिति को दोनों मामलों की नियमानुसार जांच कर जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिले के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने तथा पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट और निर्धारित एसओपी का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के बाद संबंधित प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करने को कहा गया।
कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश देते हुए कहा गया कि प्रसव पूर्व लिंग जांच कराना कानूनन अपराध है। किसी अल्ट्रासाउंड केंद्र की इस गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. प्रभात कुमार सिन्हा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार, डीपीएम प्रदीप महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








