स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति पर जोर
जामताड़ा समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ACVMS पोर्टल पर निबंधन, एनएचएम कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संकेतक, सामुदायिक सहभागिता एवं स्वास्थ्य संस्थानों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। कम उपलब्धि वाले स्वास्थ्य केंद्रों में सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं का प्रथम तिमाही में पंजीकरण, चार एएनसी जांच, संस्थागत प्रसव तथा नवजात एवं बच्चों के टीकाकरण की स्थिति पर चर्चा हुई। छूटे हुए बच्चों को चिह्नित कर पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
U-WIN पोर्टल पर टीकाकरण एवं प्रसव उपरांत लाभार्थियों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मिजिल्स-रूबेला की रोकथाम के लिए विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित करने तथा टीकाकरण में आने वाली बाधाओं को दूर करने पर भी जोर दिया गया।
परिवार नियोजन, टीबी जांच एवं उपचार तथा NLEP की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए लंबित भुगतान 5 अक्टूबर तक पूरा कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।








