मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर समीक्षा बैठक, सुनवाई प्रक्रिया में तेजी के निर्देश
जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम 2026 को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ईआरओ, एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ ने हिस्सा लिया। बैठक में चल रहे सुनवाई कार्य, प्रपत्र 6, 7 एवं 8 के संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सुनवाई प्रक्रिया में आ रही बाधाओं और लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए फॉर्म-6, 6ए, 7 एवं 8 जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। प्रपत्र-6 के जेनरेशन और डिजिटाइजेशन में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समय पर निष्पादन करने को कहा गया।
उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए-1 को अवगत कराने का निर्देश दिया। साथ ही शत-प्रतिशत मतदाताओं को नोटिस उपलब्ध कराने और नियमानुसार सुनवाई पूरी करने को कहा।
उपायुक्त ने एसआईआर के तहत जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्रों के आवेदनों का समय पर निष्पादन करने तथा अफवाहों से बचते हुए मतदाताओं को सही जानकारी देने का निर्देश भी दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








