स्वच्छता ही सेवा अभियान को लेकर जल सहियाओं की बैठक
जामताड़ा: कुंडहित में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान को सफल बनाने को लेकर गुरुवार को प्रखंड सह अंचल सभागार, कुंडहित में जल सहियाओं की प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत विभिन्न तिथियों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में गांवों में साफ-सफाई अभियान चलाने तथा स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र, सार्वजनिक स्थल, पर्यटन स्थल, चौक-चौराहे और हाट-बाजार में ग्रामीणों के सहयोग एवं श्रमदान से सफाई कराने पर जोर दिया गया। सफाई अभियान की जीपीएस फोटो भेजने का निर्देश भी दिया गया। पंचायत एवं ग्राम स्तर पर स्वच्छता जागरूकता रैली निकालने तथा घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया गया।
प्रखंड कार्यालय परिसर में सभी जल सहियाओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। उन्हें शपथ पत्र भी उपलब्ध कराया गया, ताकि वे अपने-अपने गांवों में शपथ कार्यक्रम आयोजित करा सकें।
बैठक में जलापूर्ति योजना वाले क्षेत्रों में जल सहियाओं को जलकर के रूप में प्रत्येक सप्ताह राशि जमा करने और माह में 62 रुपये की रसीद कटाकर राशि खाते में जमा करने की जानकारी दी गई।
बैठक में मास्टर जल सहिया, एक्टिव जल सहिया और ग्राम स्तर की जल सहियाएं मौजूद रहीं। संचालन प्रखंड समन्वयक मो. रफिक हुसैन ने किया। स्वच्छताग्रही आशीष गोप ने सहयोग किया।








