एसआईआर 2026: 30 सितंबर तक दावा-आपत्ति, 1.09 लाख से अधिक नोटिस जारी
जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम 2026 को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में आयोग द्वारा संशोधित कार्यक्रम, सुनवाई प्रक्रिया और दावा-आपत्ति से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई।
बताया गया कि दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर को किया जाएगा। नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों का उपयोग करने की अपील की गई। मतदाता ऑनलाइन आवेदन के लिए ECINET एप या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।
जिले की दोनों विधानसभा सीटों में अब तक कुल 1,09,765 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें नाला विधानसभा क्षेत्र में 43,122 और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में 66,643 नोटिस शामिल हैं। इनमें से कुल 16,305 मामलों में सुनवाई पूरी हो चुकी है।
दावा-आपत्ति अवधि में अब तक दोनों विधानसभा क्षेत्रों से प्रपत्र 6, 7 और 8 के हजारों आवेदन प्राप्त हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची से न छूटे, इसके लिए सभी स्तरों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। राजनीतिक दलों से प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई।








