जनता दरबार के 671 आवेदनों में 495 का निष्पादन, 176 मामले प्रक्रियाधीन
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा आलोक कुमार के निर्देश पर मंगलवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न विभागों और कार्यालयों में लंबित मामलों की समीक्षा हुई।
समीक्षा के दौरान 37 विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों में लंबित आवेदनों की बारी-बारी से जानकारी ली गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जनता दरबार से प्राप्त मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिला प्रशासन का उद्देश्य लोगों की शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन के अनुसार जनता दरबार में अब तक कुल 671 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 495 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 176 आवेदन अभी प्रक्रियाधीन हैं। इस तरह कुल प्राप्त आवेदनों में 73.77 प्रतिशत मामलों का निष्पादन हो चुका है।
बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।








