गांधी जयंती पर बापू को विधानसभाध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने किया याद,कहा खास बातें
निजाम खान
रांची: गांधी जयंती के अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और प्रेम के सिद्धांतों के माध्यम से न केवल भारत की आजादी का मार्ग प्रशस्त किया, बल्कि पूरी दुनिया को शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश भी दिया।
उन्होंने बताया कि हाल ही में 13 से 19 सितंबर तक दक्षिण अफ्रीका में आयोजित 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) सम्मेलन में शामिल होने के दौरान उन्हें गांधी जी से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों और आश्रमों का भ्रमण करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के पीटरमैरिट्जबर्ग में गांधी जी के साथ हुआ अपमान उनके जीवन का निर्णायक मोड़ बना। उन्होंने व्यक्तिगत अपमान को भारतीयों के सम्मान से जोड़कर रंगभेद के खिलाफ संघर्ष शुरू किया और वहीं सत्याग्रह का पहला सफल प्रयोग किया।
अध्यक्ष ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में आज भी भारतीयों के प्रति सम्मान का भाव गांधी जी के सत्य और अहिंसा के संस्कारों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक हैं।
उन्होंने गांधी जयंती पर उनके आदर्शों को अपनाने, सामाजिक समरसता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।









