एसआईआर 2026: मतदाता सहायता केंद्र और डिजिटाइजेशन कैंप का निरीक्षण, लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत 7 अक्टूबर को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय तथा नारायणपुर पंचायत स्थित मतदाता सहायता केंद्र सह डिजिटाइजेशन कैंप का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रपत्र-6 सहित अन्य आवेदनों के संग्रहण, डिजिटाइजेशन और लंबित मामलों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों से कम संख्या में प्रपत्र-6 प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारियों को संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। लंबित आवेदनों की जांच कर अधूरे दस्तावेज वाले मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक कागजात प्राप्त करने और आवेदन पूर्ण कराने को कहा गया।
बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने तथा निर्धारित दस्तावेज प्राप्त कर पूर्ण आवेदनों को डिजिटाइजेशन केंद्र तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया। एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ को बीएलओ के क्षेत्र भ्रमण की नियमित निगरानी करने और स्वयं भी क्षेत्र का दौरा कर कार्यों की समीक्षा करने को कहा गया।
मतदाताओं को आश्वस्त किया गया कि किसी भी पात्र भारतीय मतदाता का नाम नहीं हटाया जाएगा। इसलिए बिना घबराए एसआईआर प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की गई। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि प्रक्रिया के दौरान किसी मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो तथा कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









