एसपी शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर जामताड़ा में साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
निजाम खान
जामताड़ा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) के तत्वावधान में मंगलवार को बीएन हाई स्कूल, जामताड़ा में साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और पीड़ित सहायता योजना-2026 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा एवं जामताड़ा पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव, साइबर पुलिस उपाधीक्षक, साइबर अपराध थाना के थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, डिजिटल धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर अपराधी फोन कॉल, फर्जी लिंक, संदिग्ध संदेश और वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों को अपना शिकार बना सकते हैं। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर पैसे मांगना भी साइबर ठगी का एक तरीका है। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सतर्क रहना चाहिए तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या गोपनीय विवरण साझा नहीं करना चाहिए।
पुलिस ने साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन के लिए 1098 की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और साइबर अपराधों की रोकथाम में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।









