जामताड़ा में बुजुर्ग की शिकायत पर उपायुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जामताड़ा: आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाई। समाहरणालय आने के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार ने पोर्टिको के समीप खड़े बुजुर्ग अनिरुद्ध भैया से उनकी परेशानी पूछी। इस दौरान बुजुर्ग ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण की स्वीकृति में हो रही देरी और खराब चापाकल की समस्या से अवगत कराया।
करमाटांड़ प्रखंड के पट्टाजोरिया गांव निवासी अनिरुद्ध भैया ने बताया कि वे पिछले कई महीनों से किसान क्रेडिट कार्ड ऋण की स्वीकृति के लिए पंजाब नेशनल बैंक का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अग्रणी जिला प्रबंधक को संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर मामले की जांच करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्रवाई की जानकारी उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा।
बुजुर्ग ने पट्टाजोरिया मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के सामने लगे खराब चापाकल की समस्या भी रखी। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को पेयजल की परेशानी हो रही है। इस पर उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को चापाकल की अविलंब मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार के माध्यम से नागरिकों की शिकायतें सुनकर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई करता है।









