जामताड़ा में पशुपालन, गव्य विकास एवं मत्स्य योजनाओं की समीक्षा, पारदर्शी लाभुक चयन पर जोर
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में बुधवार को पशुपालन, गव्य विकास एवं मत्स्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति, वार्षिक लक्ष्य, आवेदन और योग्य लाभुकों के चयन की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं का पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पशुपालन विभाग के तहत सुकर विकास, बकरा विकास, कुक्कुट पालन, ब्रायलर कुक्कुट पालन, पशुओं के टीकाकरण, टैगिंग तथा पशु चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा की गई। गव्य विकास के अंतर्गत दुधारू गाय योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
विभाग को चालू वित्तीय वर्ष में दो, पांच एवं दस गाय वितरण, मिल्किंग मशीन, पनीर एवं खोवा निर्माण इकाई, वर्मी कम्पोस्ट, बोरिंग, काउ मैट और चैफ कटर सहित विभिन्न मदों में कुल 1,389 का लक्ष्य मिला है। इसके विरुद्ध 2,595 आवेदन प्राप्त हुए हैं। योग्य लाभुकों के चयन के लिए प्रखंड स्तर पर आवेदनों की दोबारा जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया।
मत्स्य विभाग की वेद व्यास आवास योजना, विपणन योजना, पिकअप वैन, मत्स्य बीज उत्पादन एवं वितरण तथा सरकारी तालाबों के जीर्णोद्धार की भी समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला कृषि पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









