जामताड़ा में 94,399 जाति-आवासीय प्रमाण पत्र लंबित, एक सप्ताह में निष्पादन का निर्देश
जामताड़ा: जिले में झारसेवा पोर्टल पर लंबित जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्रों के आवेदनों को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी अंचल अधिकारियों को लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए एक सप्ताह के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि जिले के सभी छह प्रखंडों में कुल 94,399 आवेदन अंचल स्तर पर लंबित हैं। इनमें फतेहपुर में 7,762, जामताड़ा में 7,641, करमाटांड़ में 19,537, कुंडहित में 8,431, नाला में 7,692 तथा नारायणपुर में सर्वाधिक 43,189 आवेदन लंबित हैं।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के मद्देनजर जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्रों की मांग बढ़ने से आवेदनों की संख्या में वृद्धि हुई है।
उपायुक्त ने अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और एसआईआर के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र आवेदकों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार सहित जिले के सभी अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।







