जामताड़ा में नशे के हॉटस्पॉट होंगे चिह्नित, प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर होगी सख्ती
जामताड़ा: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त आलोक कुमार ने संबंधित विभागों को नशामुक्ति अभियान तेज करने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले के सभी विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। जेएसएलपीएस के सखी मंडलों को भी अभियान से जोड़कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, विभिन्न कार्यक्रमों में नशामुक्ति का संदेश शामिल करने को कहा गया।
जिले में नशे से जुड़े हॉटस्पॉट चिह्नित कर कार्रवाई करने तथा गांधी मैदान, बस स्टैंड और पर्वत विहार पार्क सहित प्रमुख स्थलों पर नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मेडिकल स्टोरों में औचक जांच कर प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाने को कहा गया। बिना चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर क्षेत्र में दुकानों को शॉप्स एंड एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत नियमित करने और ट्रेड लाइसेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए स्वास्थ्य पर इसके गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, एसडीओ अनंत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक नीलम कुजूर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







