सड़क हादसों पर अंकुश लगाने की पहल, हिट एंड रन के लंबित मामलों का एक माह में होगा निपटारा
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में गुरुवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आलोक कुमार ने की। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।
बैठक में आई-आरएडी एवं ई-डार पोर्टल पर लंबित मामलों को समाप्त करने तथा हिट एंड रन के सभी लंबित आवेदनों का एक माह के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। लंबित मामलों में देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा गया।
स्कूली बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकारी एवं निजी विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठकों के दौरान सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और काउंसिलिंग कराने का निर्देश दिया गया। बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग एवं बिना निबंधन वाले वाहनों पर कार्रवाई करने को कहा गया।
शहरी क्षेत्रों में पार्किंग स्थल चिह्नित करने, ऑटो एवं ई-रिक्शा के लिए मार्ग निर्धारित करने तथा अवैध अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया। मुख्य सड़कों से जुड़ने वाले लिंक रोड पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर बनाने और सुरक्षा संकेतक लगाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि विभिन्न वाहन जांच अभियानों में 9,45,350 रुपये के ऑनलाइन चालान जारी किए गए। सड़क दुर्घटना में घायलों को समय पर सहायता देने के लिए 112 हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की गई।







