सियारकेटिया में दो दिवसीय भव्य शारदीय उत्सव, सजेगी संगीत की महफिल
रिपोर्ट:निजाम खान
जामताड़ा: शारदीय दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर नाला प्रखंड अंतर्गत सियारकेटिया ग्राम में सोलोआना की ओर से दो दिवसीय भव्य सांस्कृतिक एवं संगीत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है। आयोजन का उद्देश्य मां दुर्गा की आराधना के साथ-साथ क्षेत्र में सांस्कृतिक परंपराओं और लोककलाओं को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का आयोजन मां चंडी मंदिर प्रांगण, सियारकेटिया में किया जाएगा। दोनों दिन रात आठ बजे से संगीत की शानदार महफिल सजेगी, जिसमें प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
22 अक्टूबर 2026, गुरुवार को एकादशी के अवसर पर लोकगीत एवं बाउल संगीत के प्रसिद्ध कलाकार कौशिक अधिकारी अपनी टीम के साथ प्रस्तुति देंगे। वहीं, 23 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को द्वादशी के अवसर पर लोकप्रिय कलाकार सौरव महाराज तथा मिस स्मिता सहित अन्य कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम देखने के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। दर्शकों की सुविधा के लिए महिलाओं के बैठने और विभिन्न प्रकार के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। साइकिल के लिए 10 रुपये, बाइक, टोटो एवं ऑटो के लिए 20 रुपये तथा चारपहिया वाहनों के लिए 30 रुपये पार्किंग शुल्क निर्धारित किया गया है।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होकर उत्सव की शोभा बढ़ाने की अपील की है।





