जामताड़ा में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने पर जोर, सभी प्रखंडों में लगेंगे शिविर
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय ब्लड डोनेशन अवेयरनेस एंड मॉनिटरिंग कमिटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने, रक्त संग्रहण एवं भंडारण की व्यवस्था और रक्त के समुचित उपयोग को लेकर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी प्रखंडों में नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता की कमी और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना जरूरी है। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने पर जोर दिया। साथ ही शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों में भी शिविर लगाने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं।
बैठक में रक्त केंद्रों में पर्याप्त रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया गया। इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर बहुमूल्य जीवन बचाना है।
मौके पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, अस्पताल उपाधीक्षक, संबंधित एमओआईसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






