जामताड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं की होगी नियमित निगरानी, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव और स्वास्थ्य केंद्रों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में एएनएम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के कार्य प्रदर्शन की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। खराब प्रदर्शन करने वाली एएनएम को चिह्नित कर स्पष्टीकरण मांगने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एएनएम के रिक्त पदों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
गर्भवती महिलाओं का प्रथम तिमाही में पंजीकरण, निर्धारित प्रसव पूर्व जांच और बच्चों का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। टीकाकरण से वंचित बच्चों को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाने तथा यू-विन पोर्टल पर आंकड़ों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा टीबी मुक्त भारत अभियान, गैर-संचारी रोगों की जांच एवं उपचार और परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा की गई। निजी अस्पतालों में नवजात शिशुओं को निःशुल्क टीकाकरण देने की व्यवस्था की जांच के लिए औचक निरीक्षण करने को कहा गया।
जिले के सभी आवासीय विद्यालयों और पीवीटीजी बहुल क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।





