जामताड़ा में स्वास्थ्य भवनों के निर्माण की समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा पर जोर

खबर सुनने के लिए यहां पर दबाए

जामताड़ा में स्वास्थ्य भवनों के निर्माण की समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा पर जोर

 

जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15वें वित्त आयोग, पीएम-एबीएचआईएम एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत स्वीकृत स्वास्थ्य भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही नए स्वास्थ्य भवनों की स्वीकृति, भूमि की उपलब्धता और निर्माण में आ रही तकनीकी बाधाओं पर चर्चा हुई।

 

बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से योजनावार स्वीकृत, प्रक्रियाधीन, पूर्ण एवं लंबित स्वास्थ्य भवनों की अद्यतन स्थिति का विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और स्वास्थ्य उपकेंद्र भवनों के निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य भवनों के निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

 

बैठक के दौरान अपूर्ण प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक में संपूर्ण दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। साथ ही निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं का समय पर समाधान करने को कहा गया।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. प्रभात कुमार सिन्हा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

और पढ़ें