प्रधानमंत्री अप्रेंटिसशिप मेले में 113 युवाओं ने कराया पंजीकरण
रिपोर्ट:निजाम खान
दुमका: सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), दुमका परिसर में सोमवार को प्रधानमंत्री अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। एक दिवसीय इस मेले का आयोजन प्रभारी प्राचार्य शंकर हजारी के मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रभारी की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम में जिला नियोजन पदाधिकारी तथा सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के पूर्व गणित विभागाध्यक्ष एवं विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ. डी.एन. गोराई सहित संस्थान के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
मेले में जिले के बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अभ्यर्थियों को प्रधानमंत्री अप्रेंटिसशिप योजना के तहत पंजीकरण प्रक्रिया, प्रशिक्षण सुविधाओं, तकनीकी कौशल विकास तथा रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने युवाओं को उद्योगों से जुड़कर अपने कौशल को विकसित करने और बेहतर रोजगार संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 113 अभ्यर्थियों ने प्रधानमंत्री अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया, जिनमें 14 महिला अभ्यर्थी भी शामिल रहीं। मेले के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के सभी कर्मियों एवं संबंधित पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









