जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश
रिपोर्ट:निजाम खान
दुमका: उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना 2027 से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी चार्ज पदाधिकारी तथा जनगणना कार्य से जुड़े जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा में जामा चार्ज क्षेत्र द्वारा कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाने पर उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित टीम को बधाई दी। साथ ही अन्य सभी चार्ज क्षेत्रों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान नगर परिषद दुमका एवं नगर पंचायत बसुकीनाथ क्षेत्र में कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई। इस पर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा प्रथम चरण का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी समन्वय स्थापित कर गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में अबुआ जाति-निवासी प्रमाण पत्र अभियान की भी समीक्षा की गई। अधिक से अधिक लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार, नियमित शिविर आयोजन तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।









