पशु सखियों के प्रयास से पशुधन स्वास्थ्य संवर्धन अभियान को मिल रही गति
रिपोर्ट:निजाम खान
दुमका: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तहत कार्यरत पशु सखियां जिले के सभी प्रखंडों में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा पशुधन की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। चालू वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही में पशु सखियों द्वारा बकरी एवं मुर्गी पालन करने वाले परिवारों के बीच व्यापक कृमिनाशन एवं टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचकर पशुओं को विभिन्न संक्रामक एवं परजीवी जनित रोगों से बचाने के लिए कृमिनाशक दवाओं का वितरण किया जा रहा है। साथ ही पशुओं का नियमित टीकाकरण भी कराया जा रहा है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि हो सके। पशु सखियां पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, संतुलित पोषण, स्वच्छता तथा रोग प्रबंधन से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध करा रही हैं।
इस पहल का सकारात्मक प्रभाव ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। पशुधन के स्वस्थ रहने से उनकी उत्पादकता में वृद्धि हो रही है, जिससे पशुपालकों की आय बढ़ने की संभावना मजबूत हुई है। साथ ही ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को भी नई मजबूती मिल रही है। अभियान के माध्यम से पशुपालन को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।









