बाल संरक्षण योजनाओं की समीक्षा, रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
रिपोर्ट:निजाम खान
जामताड़ा: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में सोमवार को जिला बाल संरक्षण इकाई की समीक्षा तथा स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर अप्रूवल कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आलोक कुमार ने की। इस दौरान प्रायोजन (स्पॉन्सरशिप) योजना के तहत प्राप्त विभिन्न आवेदनों तथा बाल संरक्षण से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में समिति के समक्ष प्रस्तुत 60 आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित दस्तावेजों एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई। साथ ही एक वर्ष से योजना का लाभ प्राप्त कर रहे 103 लाभुकों के मामलों की समीक्षा करते हुए आय प्रमाण पत्र एवं विद्यालय स्तर से आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का निर्देश दिया गया। इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक से आवश्यक सहयोग लेने को कहा गया। उपायुक्त ने पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई के अंतर्गत विभिन्न स्तरों पर कर्मियों की कमी तथा संविदा आधारित नौ रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अंजू पोद्दार, सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।









