मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित
जामताड़ा: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, जामताड़ा में विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाई।
सुमित शरण ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को साकार करते हुए देश के विकास को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर जल, डिजिटल इंडिया और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व स्तर पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।
जिला महामंत्री अभय कुमार सिंह ने कहा कि यह अवधि जनविश्वास, पारदर्शिता और निर्णायक नेतृत्व की पहचान रही है। सरकार ने भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, गरीबों के सशक्तिकरण और युवाओं के लिए अवसर सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने कहा कि सरकार ने गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। सड़क, रेल, डिजिटल कनेक्टिविटी और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का विस्तार इसकी प्रमुख उपलब्धियां हैं।
नेताओं ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को लेकर भाजपा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। कार्यक्रम के अंत में मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।









