गांधी मैदान में भाजपा ने लगाया योग शिविर, कार्यकर्ताओं ने किया योगाभ्यास
जामताड़ा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर जामताड़ा नगर स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत के नेतृत्व में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल ने योग शिक्षक के रूप में उपस्थित कार्यकर्ताओं को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक विरासत है, जिसे वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आज भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जामताड़ा जिले के सभी मंडलों में योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
भाजपा नेता सुनील हांसदा ने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ में लोग स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह हो रहे हैं, जिससे कई प्रकार की बीमारियां बढ़ रही हैं। नियमित योग से शरीर स्वस्थ और मन संतुलित रहता है।
नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि योग दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके नियमित अभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।
कार्यक्रम में कमलेश मंडल, राजेंद्र राउत, सुजाता सिंह, आभा आर्या, चंदन राउत, अंजनी तिवारी, रथु दास, लखिन्द्र सिंह, सम्राट मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।








