पीएम पोषण योजना की समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण भोजन और समय पर स्कूल संचालन के निर्देश
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में पीएम पोषण योजना के तहत जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के क्रियान्वयन, प्रतिदिन भेजे जाने वाले एसएमएस, बच्चों को आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) गोली वितरण तथा अन्य संबंधित बिंदुओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना बच्चों के पोषण और शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा योजना के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बीईईओ, बीपीओ, सीआरपी सहित संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर जियोटैग्ड फोटो के साथ प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में आईएफए और एल्बेंडाजोल की नियमित उपलब्धता एवं स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में बच्चों को दवा खिलाने तथा उसके बाद निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी विद्यालयों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वे स्वयं औचक निरीक्षण करेंगे। बिना उचित कारण विद्यालय बंद मिलने पर संबंधित प्रधानाध्यापक एवं अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रसोइयों के लंबित मानदेय भुगतान के लिए निदेशालय से आवश्यक पत्राचार करने का भी निर्देश दिया गया।








