कुंडहित के बगयआड़ा में किसान गोष्ठी आयोजित, मोटे अनाज व वैकल्पिक खेती पर दिया गया जोर
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड के वाटर शेड एरिया अंतर्गत ग्राम बगयआड़ा में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अशिम किस्पोट्टा की उपस्थिति में किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं आधुनिक खेती की तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
गोष्ठी के दौरान किसानों को मिलेट मिशन योजना के तहत मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रति एकड़ ₹3,000 की प्रोत्साहन राशि की जानकारी दी गई। साथ ही दलहन एवं तिलहन की खेती को अपनाने, संतुलित उर्वरकों के उपयोग तथा कम वर्षा की स्थिति में धान के बजाय वैकल्पिक फसलों की खेती करने के लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को देखते हुए फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह दी, ताकि कम वर्षा की स्थिति में भी बेहतर उत्पादन एवं आय सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया और उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम) योजना के तहत किसानों के बीच धान एवं अरहर के बीजों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, कृषि निरीक्षक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) मनोरंजन मिर्धा, बीटीएम सुजीत कुमार सिंह, एटीएम गंगाधर सहित कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।








