नारायणपुर में विशेष शिविर, 82 आवेदकों को मिला लर्निंग लाइसेंस
जामताड़ा। परिवहन विभाग के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित विशेष ड्राइविंग लाइसेंस अभियान के तहत गुरुवार को नारायणपुर प्रखंड कार्यालय में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के प्रथम दिन ड्राइविंग लाइसेंस के लिए कुल 147 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों की आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर जांच एवं सत्यापन किया गया। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले आवेदकों की परीक्षा ली गई, जिसमें 82 अभ्यर्थी सफल रहे। सफल आवेदकों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया, जबकि 65 आवेदक परीक्षा में सफल नहीं हो सके।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया। परिवहन विभाग की ओर से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को विधिवत ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना तथा सुरक्षित एवं नियमबद्ध यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना है।








