भू-अर्जन परियोजनाओं की समीक्षा, लंबित मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश
जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला भू-अर्जन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सड़क निर्माण से प्रभावित रैयतों के लंबित मुआवजा भुगतान में तेजी लाने तथा वाउचर संग्रहण की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान विभिन्न सड़क एवं आरओबी परियोजनाओं की प्रगति, मुआवजा भुगतान, वन स्वीकृति, तकनीकी बाधाओं तथा अन्य लंबित मामलों की विस्तृत जानकारी ली गई। जिन परियोजनाओं के लिए राशि उपलब्ध है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर लंबित रैयतों को शीघ्र मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही रैयतों को भूमि अधिग्रहण की वास्तविक स्थिति से अवगत कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी प्रकार का भ्रम उत्पन्न न हो।
बैठक में संबंधित विभागों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन, आवश्यक आवंटन की मांग, वन स्वीकृति से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान, अधिग्रहित भूमि का म्यूटेशन तथा भुगतान हो चुकी संरचनाओं पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि भू-अर्जन से जुड़े सभी कार्य गंभीरता, आपसी समन्वय और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।








