मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान: जामताड़ा में 97.52 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंचा एन्यूमरेशन फॉर्म
जामताड़ा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म के घर-घर वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य तेज़ी से जारी है। सोमवार अपराह्न 4 बजे तक जिले के कुल 5,70,633 मतदाताओं में से 5,56,506 मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 97.52 प्रतिशत है। वहीं 1,87,679 फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है, जो 32.89 प्रतिशत है।
आंकड़ों के अनुसार, नाला विधानसभा क्षेत्र में 98.91 प्रतिशत मतदाताओं तक फॉर्म वितरित किए गए हैं तथा 37.81 प्रतिशत फॉर्म का डिजिटाइजेशन हो चुका है। वहीं जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में 96.49 प्रतिशत फॉर्म वितरित किए गए हैं और 29.22 प्रतिशत फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं।
प्रशासन ने सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, ईआरओ एवं एईआरओ को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रत्येक पात्र मतदाता तक फॉर्म पहुंचाने तथा संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मतदाताओं से अपील की गई है कि वे बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए गए एन्यूमरेशन फॉर्म को शीघ्र भरकर जमा करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान समयबद्ध ढंग से पूरा हो सके। अभियान की सफलता के लिए सभी प्रखंडों में वॉलंटियर्स के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।








