चिकित्सकों पर कथित हमले के विरोध में कुंडहित सीएचसी कर्मियों का धरना
जामताड़ा: सदर अस्पताल जामताड़ा में चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कथित मारपीट तथा अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की घटना के विरोध में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुंडहित में भी चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला चिकित्सा कर्मचारी संघ, जामताड़ा के आह्वान पर चिकित्सकों और कर्मचारियों ने ओपीडी सेवा का बहिष्कार करते हुए धरना दिया। धरना के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।धरना के कारण दिनभर सीएचसी की ओपीडी सेवा बंद रही, जिससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि आपातकालीन सेवाएं पूर्ववत संचालित होती रहीं।
स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि जब तक चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक भयमुक्त वातावरण में स्वास्थ्य सेवाएं देना कठिन होगा। उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।








