कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कुंडहित में 20 सदस्यीय विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन
जामताड़ा: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) कुंडहित में विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन को लेकर एक आमसभा आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के अभिभावकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। राज्य परियोजना निदेशक, रांची द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार 100 से 500 छात्राओं वाले विद्यालयों में 20 सदस्यीय प्रबंधन समिति का गठन किया जाना है। इसी के तहत 496 छात्राओं वाले केजीबीवी कुंडहित में नई समिति का गठन सर्वसम्मति से किया गया।
समिति में कुल 20 सदस्य शामिल किए गए हैं, जिनमें 5 नामित सदस्य होंगे। इनमें स्थानीय प्राधिकार की एक महिला सदस्य, आंगनवाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता या नर्स, स्थानीय निकाय का एक प्रतिनिधि, विद्यालय की वार्डन तथा एक वरिष्ठ शिक्षिका शामिल रहेंगी। साथ ही समिति में 50 प्रतिशत महिला सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। अभिभावकों की सहमति से महिला एवं पुरुष सदस्यों का चयन किया गया। यह समिति आगामी दो वर्षों तक विद्यालय के संचालन एवं विकास संबंधी कार्यों में अपनी भूमिका निभाएगी।
सदस्यों के चयन की प्रक्रिया का पर्यवेक्षण सीआरपी प्रदीप कुमार चक्रवर्ती के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन डॉ. नीलम कुमारी सहित सभी शिक्षिकाएं एवं विद्यालय कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ।








