यूएचएस पंजुनिया में लैंगिक समानता पर स्कूल कैंपेन, छात्र/ छात्राओं को किया गया जागरूक
जामताड़ा: नाला प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय (यूएचएस) पंजुनिया में बुधवार को बदलाव फाउंडेशन एवं आईसीआरडब्ल्यू (ICRW) के संयुक्त तत्वावधान में स्कूल कैंपेन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड शिक्षा प्रसार शिक्षा पदाधिकारी मिलन घोष ने किया।
कैंपेन के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकला, भाषण, कहानी और कविता के माध्यम से समाज में लैंगिक भेदभाव के कारण उत्पन्न होने वाली हिंसा एवं अन्य सामाजिक समस्याओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर बीईओ मिलन घोष ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए लैंगिक समानता बनाए रखने, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समाज में इन मुद्दों पर खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से हर प्रकार की हिंसा का विरोध करने और समानता का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक मंजय वाद्यकर ने क्विज प्रतियोगिता का आयोजन कराया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा कैंपेन में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बदलाव फाउंडेशन की फील्ड फैसिलिटेटर सावित्री सोरेन, सहायक शिक्षिकाएं सोमबारी हांसदा, संध्या चंद, शुभरा तथा सीआरपी सुनील कुमार मंडल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








